फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: जलभराव से झल्लाए युवाओं ने राठ रोडवेज डिपो में ही रोप दिया धान, व्यवस्था पर उठाए सवाल

Tue, 21 Jul 2026 06:38 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,हमीरपुर

सार

Hamirpur News: राठ रोडवेज डिपो की जर्जर स्थिति और परिसर में जलभराव की समस्या के विरोध में युवाओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। युवाओं ने रोडवेज परिसर में सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
राठ रोडवेज डिपो में धान की रोपाई करते युवक - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बारिश के कारण राठ डिपो का पूरा परिसर किसी लबालब भरे तालाब या खेत में तब्दील हो चुका है। इससे नाराज स्थानीय युवाओं ने बस स्टैंड परिसर के अंदर घुटनों तक भरे पानी और कीचड़ के बीच उतरकर सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर दी। युवाओं द्वारा जलभराव के बीच धान रोपने का यह अनोखा प्रदर्शन अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

विज्ञापन
Trending Videos

बारिश में जलमग्न हुआ राठ डिपो, यात्रियों का निकलना दूभर

स्थानीय निवासियों और यात्रियों का कहना है कि राठ रोडवेज डिपो की हालत लंबे समय से बेहद जर्जर और खस्ताहाल बनी हुई है। हल्की सी बारिश होते ही पूरा बस स्टैंड परिसर जलमग्न हो जाता है और चारों तरफ गहरा कीचड़ व बड़े-बड़े गड्ढे उभर आते हैं।

डिपो परिसर में बसों के आने-जाने के दौरान गड्ढों में भरा पानी यात्रियों पर उछलता है, जिससे लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं। कीचड़ और जलजमाव के कारण यात्रियों का पैदल चलना तक दूभर हो चुका है। बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों को कई-कई घंटे इस बदबूदार पानी के बीच खड़ा रहना पड़ता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार मंडरा रहा है।

वादों के बावजूद नहीं बदली तस्वीर, युवाओं ने जताया विरोध

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और परिवहन निगम द्वारा राठ डिपो को हाईटेक व आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन धरातल पर अभी तक कोई भी ठोस पहल या निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

लंबे समय से शिकायतें करने के बावजूद जब शासन और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों ने इस जर्जर डिपो की कोई सुध नहीं ली, तो युवाओं को विवश होकर यह अनोखा कदम उठाना पड़ा। युवाओं का कहना है कि डिपो परिसर की स्थिति अब किसी बस स्टैंड जैसी नहीं बल्कि धान की खेती करने योग्य खेत जैसी हो गई है, इसीलिए उन्होंने सरकार की आंखें खोलने के लिए जलभराव वाले गड्ढों में धान के पौधे रोप दिए।

जल्द समाधान की मांग

युवाओं ने स्पष्ट किया कि इस सांकेतिक प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिवहन विभाग के अधिकारियों को नींद से जगाना है। यदि जल्द ही राठ डिपो का जीर्णोद्धार नहीं कराया गया और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो क्षेत्र की जनता बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को बाध्य होगी।

विज्ञापन

इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। आम जनता भी सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के इस अनोखे विरोध का समर्थन कर रही है और बस स्टैंड की बदहाली दूर करने की मांग उठा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें