कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उमरना गांव निवासी ऋषभ यादव (21) लापता हो गया। गंगा नदी किनारे उसके कपड़े और एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने अपनी मर्जी से नदी में कूदने की बात लिखी। हालांकि, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दिनभर नदी में युवक की तलाश कराई लेकिन उसका कुछ पत नहीं चला। ऋषभ सोमवार सुबह घर से नदी में स्नान करने की बात कहकर निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन दोपहर में उसे खोजते हुए नदी किनारे पहुंचे तो बेटे के कपड़े मिले। दो लाइन का सुसाइड नोट रखा था। परिजनों ने नदी में डूबने की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूरे दिन गोताखोरों संग सर्च ऑपरेशन चलाया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि युवक पनकी निवासी युवती से प्रेमविवाह कर चुका है। वहीं, परिजन मार्च में उसकी शादी तय कर चुके हैं। इसी बात को लेकर वह अवसाद में था। सर्च अभियान मंगलवार सुबह से चलाया जाएगा। (संवाद)