कानपुर। वीआईपी रोड पर मंगलवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार कृष्णा सिंह उर्फ रोशन (18) की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त प्रियांशु हजारिया (20) और साहिल (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्नाव के शुक्लागंज स्थित मिश्रा कॉलोनी निवासी कृष्णा 20 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे दोस्तों के साथ फूलबाग से व्यायामशाला जा रहा था। आरबीआई कॉलोनी के पास बेकाबू कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें उर्सला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। मृतक की मां सोनम सिंह की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।