Kanpur News: शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर से दर्शन कर बाइक से लौट रहे दो युवकों को चौबेपुर के नोनहा गांव के सामने नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
टक्कर के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।