कानपुर। श्यामनगर पीएसी मोड़ के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक की उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर 17 घंटे तक हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। फतेहपुर, खागा टेनी निवासी राम सुमेर के अनुसार उनका 20 वर्षीय भाई मितेष कुमार लुधियाना में काम करता था। वह रक्षाबंधन पर घर आया। इसके बाद बुखार से पीड़ित था। उसे बाईपास स्थित निजी अस्पताल में 29 सितंबर को भर्ती कराया। जहां उसे आईसीयू में रखा गया। रोज करीब 40 हजार रुपये वसूले गए। रविवार दोपहर दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इधर-उधर भटकने के बाद मितेश को दोबारा वहीं लेकर पहुंचे जहां उपचार नहीं होने से मौत हो गई। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद