सरसौल के महाराजपुर कस्बे में रहने वाले शिव सैनी (21) ने फांसी लगा ली। दोस्तों ने शंका जाहिर की है कि पब्जी गेम का टास्क पूरा न कर पाने में उसने यह कदम उठाया। बीते बुधवार को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अशोक नगर खलवा में शिवम (20) ने पब्जी गेम के चक्कर में फांसी लगा ली थी।
शिव के परिवार में उसकी मां रजनी देवी, दो छोटे भाई हैप्पी व विष्णु हैं। पिता जय प्रकाश के निधन के बाद वह ब्रह्मदेव मंदिर के बाहर पूजन व प्रसाद की दुकान लगाकर अपने परिवारका पालन पोषण कर रहा था। शनिवार को खाना खाने के बाद पूरे परिवार छत पर सोने चला गया।
रविवार सुबह शिव को छत पर न देखकर मां नीचे गईं। कमरे में पंखे के कुंडे के सहारे साड़ी से शिव का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यहां परिजनों के साथ पहुंचे दोस्तों ने बताया कि शिव रात में भी मोबाइल पर पब्जी गेम खेला करता था। थाना प्रभारी राघवेंद्र ने बताया कि अभी तक की जांच में यही बात सामने आई है कि गेम का टास्क पूरा न होने पर ही उसने जान दे दी। मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।