पुखरायां। कुटीर उद्योग लगाकर स्वदेशी उत्पाद करने के साथ बेरोजगारी भी दूर की जा सकती है। जिसके जनजागरण के लिए ही मेला का आयोजन किया गया है। इसमें लगे सभी उत्पाद स्वदेशी हैं। मेला में माटी कला की महत्ता को बताया गया है। ये बातें पुखरायां बस अड्डा स्थित स्वदेशी उत्पाद मेला में गुरुवार को पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वदेशी उत्पाद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेले का आयोजन कर जानकारी देते हुए जनजागरण किया जा रहा है। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र व खादी ग्राम उद्योग ब्याज मुक्त बिना गारंटी के ऋण आसानी से दे रहा है। बाद में मेले में लगे माटी कला, स्वदेशी वस्त्र, स्टील के बर्तन, अचार सहित अन्य स्टॉलों में पहुंचकर जानकारी ली। कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। यहां राजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, सौरभ मिश्र, श्यामू शुक्ला, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त मोहम्मद साऊद, अजय यादव आदि मौजूद रहे।