जसवंतनगर। पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध पटाखे व विस्फोटक सामग्री के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात उपनिरीक्षक जितेंद्र चौधरी हमराह सिपाहियों के साथ रामलीला रोड पर चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर ईदगाह के पास सिसहाट मोड़ पर दबिश दी गई। यहां खड़े एक संदिग्ध को पुलिस ने दबोच लिया। हामिद हुसैन उर्फ लल्लू (51) निवासी मोहल्ला सराय खाम के पास भारी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी यह सामान बेचने के लिए लाया था। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। संवाद