कानपुर में बिठूर क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में सड़क किनारे गड्ढे में युवक का जला शव मिला। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। शरीर पर लोहे का तार लिपटा हुआ था। चेहरा और छाती जलने की वजह से पहचान नहीं हो सकी। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां लाकर जलाया गया। पोस्टमार्टम के बाद साफ हो सकेगा कि युवक को जिंदा जलाया गया या हत्या के बाद।
गांव में आईआईटी से सौ मीटर दूर ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क किनारे गड्ढे में एक युवक का जला शव देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई लेकिन कोई भी उसे नहीं पहचान सका। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक को ट्रॉली बैग में भरकर जलाया गया।