आग बुझने के बाद सुभाष चौक पर बैठा पीड़ित रवि
यूपी के औरैया में शुक्रवार को एक युवक ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। अचानक युवक को जलता देख आसपास के लोगों ने उस पर पानी डाल दिया। इसके बाद घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने से युवक के सिर के बाल व चमड़ी बुरी तरह से झुलस गई। अस्पताल में डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया।
सुबह करीब 6 बजे शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी युवक रवि पुत्र दिवंगत लालजी ने सुभाष चौक पर अचानक अपने सिर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। लोगों ने पानी डालकर उसे बचाया लेकिन तब तक उसके सिर के बाल व चमड़ी बुरी तरह से झुलस गई थी।
युवक बुरी तरह से छटपटा रहा था। इस दौरान पीड़ित ने बताया कि वह स्मैक पीता है। इसी को लेकर पत्नी से आए दिन झगड़ा होता है। पत्नी के समझाने के बाद वह गलत संगत छोड़ बाहर जाने की तैयारी से घर से निकला था। इस दौरान उसकी जेब में एक हजार रुपये थे। जैसे ही वह पुराना नुमाइश मैदान के पास पहुंचा तभी उसी के दो साथियों ने उसे पकड़ लिया।
गर्दन पर धारदार हथियार रखते हुए जेब की तलाशी ली। जेब में पड़े 950 रुपये निकाल कर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि वह दौड़ता हुआ सुभाष चौक पर पहुंचा तो वहां पर मौजूद यूपी 100 पुलिस से शिकायत की। मदद की गुहार लगाई लेकिन वह अनसुनी करते हुए वहां से चले गए। इसके बाद चीता मोबाइल के सिपाहियों से भी शिकायत की लेकिन उसकी किसी ने भी नहीं सुनी। इससे परेशान होकर उसने जान देने के लिए कदम उठाया।