रूरा। पुराने विवाद की रंजिश में स्कूल प्रबंधक और उसके साथी के साथ भगरापुरवा गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की। इस दौरान युवकों ने स्कूल प्रबंधक के साथी को घर के अंदर बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मुक्त कराया। दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के कुडरा निवासी हरिओम यादव ने बताया कि गहलों में एक निजी स्कूल शुरू किया है। स्कूल के प्रचार के लिए वह भगरापुरवा गए थे। दोस्त मांझापुरवा निवासी अविनाश उर्फ नंदू व चालक अमित साथ थे। प्रचार के बाद वापस लौटते समय भंगरापुरवा निवासी दो लोगों ने वाहन रोककर मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि दोस्त अविनाश को उक्त लोग घर में ले गए और बंधक बना लिया। दूसरे पक्ष के घनश्याम ने पुलिस को बताया कि एक माह पूर्व बेटे शिशुपाल के साथ अविनाश ने मारपीट की थी। शुक्रवार को दोबारा हमला कर मारपीट की है। थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि बंधक बनाए गए अविनाश को मुक्त कराया कर मेडिकल कराया जा रहा है। अन्य घायलों को भी अस्पताल भेजा गया है। अविनाश के भाई धीरेंद्र सिंह ने तहरीर दी है, जांच की जा रही है।