यूपी के कानपुर जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। गुजैनी की पिपौरी नहर में रविवार दोपहर 20 दोस्तों के साथ नहाने गया युवक देर तक डुबकी लगाने की शर्त जीतने के चक्कर में मौत से हार गया। डुबकी लगाने के दौरान वह जब करीब आठ मिनट बाद भी बाहर नहीं निकला तो साथियों ने उसे तलाश करना शुरू किया।
डूबे दोस्त को बाहर निकालकर सभी हैलट अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी सांसें थम गईं। पिपौरी के मर्दनपुर निवासी 24 वर्षीय गुलफाम घरों में रंगाई और पुताई का कार्य करता था।
वह रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने 20-22 दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया। अचानक दोस्तों में देर तक पानी के अंदर डुबकी लगाने की शर्त लगी। दोस्त बारी-बारी से पानी के अंदर डुबकी लगाते गए और एक दूसरे का वीडियो भी बनाते रहे।
गुलफाम ने भी डुबकी लगाई। छोटे भाई सलमान के मुताबिक, गुलफाम करीब आठ मिनट तक बाहर नहीं निकला तो दोस्तों को आशंका हुई। सभी ने डुबकी लगाई तो वह डूबा दिखा।