कानपुर में बिठूर के बहलोलपुर मंधना में साइबर ठगों ने केबीसी में 25 लाख रुपये के इनाम का झांसा देकर 89 हजार रुपये ठग लिए। बहलोलपुर निवासी रिटायर्ड शिक्षक विजय कुमार शुक्ल की पत्नी सुमन ने तहरीर दी है। सुमन ने बताया वह ऑनलाइन केबीसी खेलती है।
26 जनवरी की शाम उनके पास फेसबुक कॉल आई, जिसमें युवक ने 25 लाख की लाटरी निकलने की जानकारी देकर टैक्स के रूप पहले 12 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा। 27 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे के करीब ठग के बताए अकाउंट नंबर पर 12 हजार रुपये जमा करा दिए।
इसके बाद ठग ने फिर से फेसबुक काल करके बताया कि सेविंग अकाउंट में 25 लाख की रकम ट्रांसफर नहीं की जा सकती है। करेंट अकाउंट खुलवाने के नाम 32 हजार रुपये मांगे। झांसे में आकर सुमन अपनी बेटी वंदना के साथ मंधना स्थित बैंक गईं और ठग के अकाउंट में रकम जमा कराई। इसके बाद ठग ने 45 हजार रुपये जमा कराये। इस तरह करीब छह घंटे के अंदर ठग ने 89 हजार रुपये ट्रांसफर कराकर चपत लगाई।