मोबाइल पर गाना सुनना एक युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उसका चार साल पहले ही विवाह हुआ था। जनपद जालौन शहर कोतवाली के मुहल्ला शांतिनगर निवासी विपिन कुमार (23) पुत्र खेमराज अहिरवार पेशे से मजदूर था। गुरुवार की सुबह आठ बजे वह घर से मजदूरी करने जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियाें के मुताबिक वह कान में मोबाइल पर गाना सुनते हुए अजनारी रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर ट्रैक पार कर रहा था तभी झांसी की ओर से आ रही मालगाड़ी को वह नहीं देख पाया और चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
जब इसकी जानकारी उसके परिजनाें को हुई तो वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और रोने बिलखने लगे। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनाें के मुताबिक अभी चार माह पहले ही उसकी शादी हुई थी और वह मजदूरी पर जा रहा था।