यूपी के कानपुर देहात में एक युवक ने आईपीएल मैच में सट्टा हारने पर जहर खाकर जान दे दी। मामला घाटमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के पसेमा गांव का है। घरवालों का कहना है कि और रुपये मांगने पर पत्नी और पिता से उसका विवाद हुआ। वह तैश में आकर छत पर गया और वहां उसने जहर खा लिया। वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि क्रिकेट में सट्टा लगाने के बाद हार गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
पत्नी शीलू ने बताया कि पसेमा निवासी पति सौरभ उर्फ आशू शुक्ला (34) ने आईपीएल मैच में सट्टा लगाया था। इसमें वह करीब 40 हजार रुपये हार चुका था और उसने अपना मोबाइल फोन तक गिरवी रख दिया। बताया कि सोमवार की शाम सौरभ ने उससे और अपने पिता राधेश्याम से सट्टे के लिए और रुपये मांगे। इंकार करने पर झगड़ा करने लगा।
इधर, मंगलवार की सुबह शीलू खाना पका रही थी जबकि, राधेश्याम अपनी पोती को स्कूल छोड़ने गया था। तभी सौरभ छत पर चढ़ गया और वहीं उसने जहर खा लिया। जब आशू काफी देर तक नीचे नहीं आया तो शीलू छत पर पहुंची तो कि सौरभ छत पर मृत पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। जबकि, गले में रस्सी भी लिपटी हुई थी।
चौकी इंचार्ज बृजेश भार्गव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मैचों में सट्टा लगाता था। बताया कि मौके पर एक पुड़िया में सफेद रंग का जहरीला पाउडर बरामद हुआ, जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। बताया कि मौके पर मिली नायलॉन की रस्सी से ऐसा लगता है कि पहले उसने फांसी लगाने का विचार किया होगा। लेकिन, बाद में जहर खा लिया।
इधर, बताया गया कि दो वर्ष पहले आशू ने नशे में फोन पर कानपुर सेंट्रल स्टेशन उड़ाने की धमकी दी थी। जिसमें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, वहां से कुछ महीने बाद छूटकर घर आया था।