कानपुर (ब्यूरो) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को शहर में जगह-जगह शिविर लगाकर शहरियों को योग कराया गया। सुबह-सवेरे खुशनुमा मौसम और ताजी हवा के बीच शहरियों ने भी योग शिविरों में खूब उत्साह दिखाया। कोई बच्चों के साथ पहुंचा तो किसी ने घर के बुजुर्गों के साथ नजदीकी पार्क में पहुंंचकर सूर्य नमस्कार, कपालभाति आदि योग किए। उधर, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कैंट के गैरिसन ग्राउंड में पहुंचकर योग किया।
सेना के जवानों, एनसीसी कैडेटाें के साथ किया योग
कानपुर (ब्यूरो)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कैंट स्थित गैरीसन ग्राउंड पर एक हजार सेना के जवानों, एनसीसी कैडेटाें के साथ योग किया। हालांकि स्पॉन्डलाइटिस होने के कारण कुछ आसन नहीं कर सके। रक्षा मंत्री सुबह 7 बजे ग्राउंड पहुंचे। योग गुरु रवींद्र पोरवाल ने नमस्कार मुद्रा के साथ आसन शुरू कराए। शांति पाठ कराकर योग शिविर समाप्त करवाया। करीब 45 मिनट तक चले शिविर के बाद रक्षा मंत्री ने योग गुरु को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं इस दौरान सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक सतीश महाना, रघुनंदन भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी आदि भी योग शिविर में शामिल हुए। रक्षा मंत्री ने कानपुर में लगे इस शिविर को ट्वीट भी किया है।
मदरसों में छुट्टियां न होतीं तो कराते योग : शहरकाजी
कानपुर (ब्यूरो)। शहरकाजी मौलाना हाफिज अब्दुल कुद्दूस ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर इस बार वह मदरसा छात्रों से योग नहीं करा सके। वजह थी कि रमजान का महीना चल रहा है और इस महीने सभी मदरसों में छुट्टियां होती हैं। ईद के बाद मदरसों में नया सत्र शुरू होता है। अगली बार से योग दिवस पर मदरसा छात्र भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि योग एक व्यायाम है और उससे सेहत को फायदा होता है। इस एतबार से मुसलमानों के योग करने में कोई आपत्ति नहीं है। योग को किसी धर्म से जोड़कर न देखा जाए। उधर देवबंदी विचारधारा के कार्यवाहक शहरकाजी मौलाना मतीनुल हक ओसामा ने बताया कि योग से कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते उसे एक व्यायाम क्रिया की नजर से देखें।
हिंदू-मुस्लिम बेटियों ने किया योग
कानपुर (ब्यूरो)। विश्व योग दिवस पर जाजमऊ स्थित रहमान इंडस्ट्रीज में हिंदू-मुस्लिम बेटियों ने योग किया। यहां पर योग शिक्षक डॉ. वंदना गुप्ता, कृष्णा शर्मा व विमला गुप्ता ने योग कराया। शिविर में रिजवाना, याशमीन, अमरजीत, तरनजीत, निधि, दीपिका आदि ने योग किया।