पुखरायां, कानपुर देहात। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुखरायां में एक्सरे तकनीशियन के अवकाश पर जाने से तीन दिनों से एक्सरे जांच ठप है। इससे अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों की ओर से एक्सरे कराने की सलाह दिए जाने पर मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
सीएचसी पुखरायां में एक्सरे तकनीशियन के पद पर राहुल राय तैनात हैं। वह 21 नवंबर को अवकाश पर चले गए थे। उनके स्थान पर दूसरे तकनीशियन की तैनाती नहीं होने से एक्सरे कक्ष में ताला लटका हुआ है। शुक्रवार को पिलखिनी के देवेंद्र सिंह, अमिलिया के सौरभ और श्यामसुंदरपुर के मानसिंह इलाज कराने सीएचसी पहुंचे ।
डॉक्टर ने उन्हें एक्सरे कराने की सलाह दी। वे जब एक्सरे कक्ष पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जांच नहीं हुई तो उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप सचान ने बताया कि मामले की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दे दी गई है। वहां से दूसरे एक्सरे तकनीशियन कुमारी चांदनी को भेजने की बात कही गई है।