फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: डेढ़ माह से एक्स-रे मशीन खराब, प्रतिदिन बिना जांच लौट रहे 10 लोग

Sat, 22 Aug 2026 01:59 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात/राजपुर। बीहड़ पट्टी की सलेमपुर सीएचसी में खराब हुई एक्स-रे मशीन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते डेढ़ माह बीतने के बाद भी दुरुस्त नहीं हो सकी है। इससे सीएचसी से प्रतिदिन करीब 10 मरीज बिना एक्स-रे करवाए वापस लौट रहे हैं।
विज्ञापन

सलेमपुर सीएचसी में सलेमपुर, जैनपुर , बैना, रसूलपुर, देवनपुर समेत करीब 30 गांव व राजपुर नगर के भी मरीज उपचार करवाने के लिए जाते हैं। बारिश के समय सड़क हादसों की संख्या बढ़ गई है। चोटिल होकर लोग काफी संख्या में सीएचसी पहुंच रहे हैं। हर रोज कई मरीजों को बाहर एक्सरे करवाना पड़ रहा है। इसमें 600 रुपये से एक हजार तक देने पड़ रहे हैं। शुक्रवार को रसूलपुर गांव से सीएचसी आईं शकुंतला ने बताया कि फिसल कर गिर जाने से कंधे में गंभीर चोट आई थी। डॉक्टर ने एक्स-रे की सलाह दी थी लेकिन यहां मशीन खराब है। अब करीब 15 किलोमीटर दूर सीएचसी सिकंदरा में जांच करवानी पड़ेगी।
अटल नगर जैनपुर अमित कुमार ने बताया कि बाइ से फिसल कर गिर जाने से पैर में गंभीर चोट आई है। राजपुर पीएचसी में डॉक्टर ने एक्स-रे करवाने की सलाह दी थी। इसपर वह सलेमपुर सीएचसी आए थे। यहां एक्स-रे मशीन खराब होने की जानकारी मिली। अब उन्हें निजी सेंटर पर जांच करवानी पड़ेगी। रमऊ की जैबुन निशा ने बताया कि खेत पर फिसलने से हाथ की कलाई में चोट होने से एक्स-रे के लिए कई दिनों से सीएचसी का चक्कर लगा रही है लेकिन एक्स- रे नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में निशुल्क इलाज का दावा खोखला साबित हो रहा है। प्रभारी अधीक्षक डॉ. सलिल सचान ने बताया कि मशीन में तकनीकी खामी आने से जांचे बंद हैं। मशीन को दुरुस्त करवाने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है। जल्द ही समस्या को दूर कर एक्स-रे की सुविधा दिलाई जाएगी।
विज्ञापन

....................
एक्स-रे कक्ष में दिनभर लटकता रहा ताला, लौटे मरीज
रूरा। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को एक्स-रे कक्ष में दिनभर ताला लटकता रहा। इससे यहां एक्स-रे कराने पहुंचे मरीजों, तीमारदारों को घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर घर लौटना पड़ा। बदलते मौसम के कारण केंद्र में जुखाम, बुखार, पेट में दर्द, खुजली, उल्टी व दस्त के मरीजों के साथ हादसों में घायल होने वाले मरीजों की संख्या बड़ी है। शुक्रवार को सीएचसी आए हसनापुर निवासी मरीज राजेश, रामबाबू व मुरलीपुर निवासी मुकेश गुप्ता सहित अन्य मरीजों का कहना है कि अस्पताल में एक्सरे जांच की सुविधा होने के बावजूद कक्ष बंद रहने से उन्हें 10 किलोमीटर दूर जाकर निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ा। कई मरीज दूर-दराज के गांवों से जांच कराने अस्पताल पहुंचे थे लेकिन एक्स-रे नहीं हो सका। कक्ष बंद रहने की वजह से मरीजों में नाराजगी रही। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि एक्स-रे टेक्नीशियन के पिता की तबीयत खराब हो जाने के कारण वह उनको उपचार के लिए ले गए हैं। शनिवार से सुविधा विधिवत संचालित की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें