खाने में पड़ा कीड़ा दिखाते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हरदोई जिले में विकास खंड सुरसा के प्राथमिक विद्यालय गंगापुर में मिड डे मील में बनी सब्जी में कीड़ा निकलने से खलबली मच गई। विद्यार्थियों ने खाने से इनकार कर दिया। शिक्षक प्रधान पर और खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ लिया।
विकास खंड सुरसा के प्राथमिक विद्यालय गंगापुर में सोमवार को मिड डे मील योजना के तहत सोयाबीन आलू की सब्जी और रोटी बनाई गई थी। जब विद्यार्थियों को भोजन परोसा गया तो एक बच्चे की सब्जी में कीड़ा दिखा। जिस पर बच्चों ने खाने से इंकार कर दिया और कुछ बच्चे अभिभावकों को बुला लाए।
अभिभावकों ने जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक के विषय में पूछा तो तैनात शिक्षामित्र मन्नी लाल और वंदना पांडेय ने बताया कि प्रधानाध्यापक देवेश कुुमार पटेल बीआरसी गए हैं। विद्यालय की रसोइयां मायादेवी ने बताया कि सोयाबीन व आलू प्रधान के घर से आया है। उसी से सब्जी बनाई गई थी। इससे विद्यालय में काफी देर तक हंगामा होता रहा है।
प्रधानाध्यापक देवेश कुमार पटेल ने बताया कि मिड डे मील बनवाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की है। वह विद्यालय से बीआरसी पर चले आए थे। उनसे जब विद्यालय में भोजन की जांच करने के लिए गठित कमेटी के विषय में पूछा गया तो बोले कोई सदस्य आता ही नहीं।
इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी सुरसा भगवान राव ने जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि मिड डे मील की गुणवत्ता की जिम्मेदारी विद्यालय प्रधानाध्यापक की है। शिक्षक उनसे मिलने आए थे। इससे उनकी जिम्मेदारी कम नहीं हो जाती है। उन्होंने घटना के विषय में जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।