कानपुर देहात। जनपद में कानपुर-झांसी हाईवे के उरई बारा सेक्शन में जैनपुर, चौरा बाजार व पटेल चौक के करीब ओवरब्रिज मंजूर है। इधर सीमांकन में देरी और अस्थायी अतिक्रमण के चलते ओवरब्रिज का काम शुरू नहीं हो सका है। हाईवे प्राधिकरण ने संबंधित तहसील प्रशासन को सीमांकन व अतिक्रमण हटवाने का अनुरोध किया है।
कानपुर-झांसी हाईवे पर भीड़भाड़ व दुर्घटना बहुल स्पॉट पर ओवरब्रिज बनाने की रूपरेखा बनी थी। सर्वे के बाद प्रस्ताव एनएचएआई के रीजनल कार्यालय भेजा गया।
अब अकबरपुर में जैनपुर, पुखरायां के चौरा बाजार व पटेल चौक पर करीब 25-25 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी मिली है। इन स्थानों पर लोगों को हाईवे से होकर एक तरफ से दूसरी तरफ आना-जाना पड़ता है। ऐसे में अक्सर हादसे होते हैं।
हाईवे के दूसरी ओर सुगम आवागमन और वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तीनों स्थानों पर ओवरब्रिज बनाए जाने हैं। चौरा व जैनपुर में ओवरब्रिज निर्माण के ठेकेदार चयन हो गया है। ठेकेदार फर्म की ओर से कराए गए सर्वे में अस्थायी अतिक्रमण मिला है। इस स्थिति से एनएचएआई के अधिकारियों को ठेकेदार ने अवगत कराया है। इसके बाद अब चिह्नित स्थलों के सीमांकन व अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है।