पुखरायां। (कानपुर देहात) भोगनीपुर थाना की पंचायत जगदीशपुर में परचून दुकानों में शराब बेंचने के आरोप लगा लोग सड़कों पर उतर आए। समूह की महिलाओं समेत 50 ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम विरोध प्रदर्शन कर मार्च निकाला। साथ ही शराब बिक्री बंद न होने पर कलक्ट्रेट का घेराव किए जाने की चेतावनी भी दी।
परचंदा बाबा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं समेत ग्रामीण गांव के स्कूल के पास एकत्र हुए। अनुज आचार्य, आरती यादव, सुशीला देवी, शांति देवी, जय देवी, कमला देवी, राज दुलारी, का आरोप है कि जगदीशपुर के साथ डीघ व गोपालपुर की परचून दुकानों में शराब की बिक्री की जा रही है। इनका कहना है कि शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इससे गांवों का माहौल खराब हो रहा है। बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है। इसीलिए हम लोगों ने एक स्वर में आवाज उठाई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की ओर से शराब विक्रेताओं के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उनके द्वारा कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। सभी ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जगदीशपुर के अनुज आचार्य ने बताया कि शराब के कारण गांवों का माहौल बिगड़ रहा है। जिसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।