कानपुर। खेती में नवाचार और उद्यमशीलता के दम पर अपनी पहचान बनाने वाली उत्तर प्रदेश की पांच महिला किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस-2026 के दौरान आईसीएआर-अटारी, कानपुर के समन्वय से इन किसानों को प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर मिला।
विज्ञापन
अयोध्या की ड्रोन दीदी शबीना खातून और आगरा की रेखा देवी दोनों ड्रोन तकनीक के जरिये आधुनिक कृषि को बढ़ावा दे रही हैं। अंबेडकरनगर की कांति देवी प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में काम कर रही हैं। महोबा की मयंकिता चौरसिया ने पारंपरिक देशावरी पान की खेती को नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ते हुए इससे कई मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार किए हैं। बुलंदशहर की कृष्णा यादव ने अचार बनाने का व्यवसाय शुरू कर अपना ब्रांड स्थापित किया है।
इन किसानों ने खेती में किए जा रहे प्रयोगों, अपने उद्यम और अब तक के सफर के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। आईसीएआर-अटारी, कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने कहा कि इस संवाद से दूसरी महिला किसानों और कृषि उद्यमियों को भी नए प्रयोग करने की प्रेरणा मिलेगी।