हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खिरौली में शराब मिलने की सूचना पर छापा मारने गई पुलिस ही आरोपों के घेरे में आ गई। पुलिस जिस घर में छापा मारने गई थी, वहां कुछ देर बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिसकर्मियों के धक्का देने से महिला की मौत होने का आरोप लगाया है। एसपी ने पूरे मामले की जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराने के निर्देश दिए हैं ।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खिरौली निवासी राजरानी (60) पत्नी राजाराम गुरुवार दोपहर घर में थी। इसी दौरान यूपी 112 पर कुछ लोगों ने गांव में कच्ची शराब बनाने की सूचना दी। इस पर देहात कोतवाली के दो सिपाही मौके पर पहुंचे। वहां पुलिस को लहन के डिब्बे मिले। इस पर पुलिस डांट फटकार के बाद लौट गई।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि राजरानी की मौत हो गई है। मृतका के परिजनों व ग्रामीणों ने सिपाहियों पर ही महिला को धक्का देने और इसके कारण महिला की मौत हो जाने का आरोप लगाने लगे। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। तीन चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।