कोहना के मछुआ नगर निवासी शालू (37) ने किडनी की बीमारी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सात दिन तक चले इलाज के बाद सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शालू के पति सुनील निजी नौकरी करते हैं। परिजन के मुताबिक, शालू की किडनी की बीमारी का दो साल से इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था। बीते सोमवार देर शाम उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। सात दिन तक चले इलाज के बाद सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। शालू की मौत से पति सुनील और अन्य परिजन सदमे में हैं। दोनों बेटों के सिर से मां का साया उठ गया। महिला की मौत के बाद परिजन ने 112 पर सूचना दी। कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि परिजन ने फिलहाल किसी के खिलाफ आरोप नहीं लगाया है।