चित्रकूट जिले में भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति समेत सास, ससुर, देवर व देवरानी के खिलाफ लगातार कई साल से दहेज उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। साथ ही पति के इशारे पर पति के बहनोई व दो साथियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है।
इसके बाद महिला को ससुरालीजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस मामले में कई दिनों से भटक रही महिला की तहरीर पर आखिरकार चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाने में 8 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।
रविवार को पीड़ित महिला ने बताया कि उसके दो संतान हैं। शादी के बाद से ही पति समेत सास-ससुर व देवर देवरानी दहेज की मांग करते रहे। कई बार उसके साथ मारपीट हुई इसके बाद समझौते भी हुए लेकिन ससुरालीजन मारपीट करते रहे।
महिला ने बताया कि कुछ दिन पूर्व साजिश कर उसके पति ने अपने बहनोई व दो साथियों को अपने घर बुलाया और खुद बाहर चला गया। जिसके बाद तीन लोगों ने उसके साथ घर में सामूहिक दुष्कर्म किया।