यूपी के महोबा जिले में कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर राहुल ढाबे के पास कंटेनर ने बाइक सवार मां बेटे को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क में गिर गए। महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। राहगीरों की मदद से महिला और उसके घायल बेटे को टेंपो से जिला अस्पताल लाया गया।
शहर के मोहल्ला नयापुरा बंधानवार्ड निवासी राजेश कुमार रैक्वार (20) अपनी मां पुष्पा (40) पत्नी खेमचंद्र रैकवार के साथ शुक्रवार को सुबह 11 बजे एचपी गैस एजेंसी से किताब चढ़वाने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी राहुल ढाबे के पास बाइक के पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार महिला पुष्पा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उसका बेटा राजेश कुमार रैक्वार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों की मदद से पुष्पा और उसके बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। राजेश कुमार की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।