मालगाड़ी पर चढ़ी महिला को उतारते पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात के पुखरायां में झांसी-कानपुर रूट के पुखरायां रेलवे स्टेशन के होम सिग्नल पर गुरुवार को मालगाड़ी के आगे कूदकर एक महिला ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी तो वह इंजन की छत पर चढ़ गई। जिससे ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन की चपेट में आकर झुलस गई। जान बचाने के लिए लोको पायलट ने वॉकी-टॉकी के जरिये बिजली आपूर्ति बंद कराई।
आरपीएफ के जवानों ने महिला को नीचे उतारा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी पुखरायां से जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, डेढ़ घंटे तक झांसी-कानपुर रूट बाधित रहा। इस दौरान स्टेशन से संबंधित तीन गेट बंद रहे। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे सीएसएन स्पेशल दो इंजन लगी मालगाड़ी कानपुर से झांसी की ओर जा रही थी। मालगाड़ी धीमी गति से लूप लाइन की ओर बढ़ ही रही थी कि होम सिग्नल के निकट एक महिला ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
मलगाड़ी पर चढ़ने से महिला झुलस गई
- फोटो : अमर उजाला
यह देखकर लोको पायलट एसएन चौरसिया ने इमरजेंसी ब्रेक लगा मालगाड़ी को रोक दिया। बचाने के लिए वह नीचे उतर ही रहे थे कि आत्महत्या में असफल होते देख महिला इंजन के ऊपर चढ़ गई, जिससे ओएचई लाइन के संपर्क में आने से झुलसकर इंजन के ऊपर गिर गई। आनन-फानन में लोको पायलट ने ओएचई लाइन बंद कराई। चालक के काफी प्रयास जब महिला इंजन से नहीं उतरी तो स्टेशन पर सूचना दी।
घटना की जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी राजीवराज मौके पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन को सहयोग करने के निर्देश दिए। आरपीएफ के उपनिरीक्षक समरजीत सिंह, आरक्षी देवीप्रसाद, जीआरपी चौकी इंचार्ज विजय नारायण पांडेय ने कस्बे के लोगों की मदद से झुलसी महिला को नीचे उतारा। महिला ने नेपाल के थाना गोबरदेहा के पलेखा गांव निवासी रामदीन की पत्नी रामकुमारी (30) नाम बताया पर उसने ऐसा क्यों किया, वह नहीं बता पाई।
पुलिस और पायलट ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को उतारा
- फोटो : अमर उजाला
उसे सीएचसी पुखरायां से जिला अस्पताल माती रेफर किया गया है। वहीं, इस दौरान झांसी एवं कानपुर की ओर से जा रही दो मालगाड़ी करीब डेढ़ घंटे तक आउटर पर खड़ी रही। इधर, स्टेशन के दोनों आउटर पर ट्रेनें फंस जाने से मंडी मोड़, मीरपुर और सिखमापुर क्रॉसिंग करीब लगातार बंद रहने से सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
पुखरायां के मुख्यमार्ग तक वाहन खडे़ हो जाने से जाम लगा रहा, जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज कराने आ रहे कई मरीज, स्कूली बच्चे तेज धूप फंसे रहे। संकेत एवं दूरसंचार के तकनीशियन राजकुमार को बुलाकर सिगनल सही कराकर गेट खुलवाए गए। वहीं आरपीएफ पुलिस चौकी इंचार्ज विक्टर लाकरा ने बताया कि महिला का सही नाम, पता नहीं मालूम हो सका।