पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने गोसेवा आयोग के सदस्य कृष्ण कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को चित्रकूट स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हमीरपुर के रामसिंह और उसके साथियों ने उसके साथ दुराचार किया है। इस मामले में जब कृष्ण कुमार से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को नकार दिया।
रामसिंह को बचाने के लिए गोसेवा आयोग के सदस्य अफसरों पर दबाव बना रहे हैं। इसी के चलते उसकी सुरक्षा वापस ले ली गई और रामसिंह को लखनऊ में गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। उसने आरोप लगाया कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
यह भी कहा कि साजिश के तहत उससे पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ जबरन बयान दिलाया गया। आरोप लगाया कि उसकी एक बेटी अभी भी साजिशकर्ताओं के कब्जे में है। कहा कि न्याय नहीं मिला तो वह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने बच्चों के साथ धरने पर बैठ जाएगी।
फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो आत्मदाह कर लेगी। इस संबंध में गोसेवा आयोग के सदस्य कृष्ण कुमार ने मोबाइल पर बातचीत में कहा कि हमीरपुर निवासी रामसिंह ने उनसे मदद मांगी थी। रामसिंह के पिता भाजपा कार्यकर्ता हैं। इस कारण रामसिंह से परिचय हो गया। पीड़ित होने के नाते उसकी बात सुनकर थाने में फोन कर निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही थी। दबाव बनाने का आरोप गलत है।