शौचालय में चूल्हा रखकर खाना बनाती मूला, खड़े परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में मूला का कच्चा घर दो दिन पहले बारिश में ढह गया। गृहस्थी को बचाने के लिए मूला को शौचालय को नया ठिकाना बनाना पड़ा। बारिश ने मूला का घर तो बहा दिया साथ ही सरकारी मदद से पात्र किस तरह वंचित रह जाते हैं इसकी भी पोल खुल गई।
मियागंज विकासखंड की ग्राम पंचायत कोरारीकला के मजरा पारा निवासी मूला का कच्चा घर दो दिन पहले बारिश में ढह गया। गृहस्थी को बचाने के लिए मूला को शौचालय को नया ठिकाना बनाना पड़ा। मूला का कहना है कि गांव में अपात्रों को आवास आवंटित कर दिए गए। उसके पास कच्चा मकान था लेकिन उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। जिले के अफसर अगर उसे आवास दे देते तो आज उसे शौचालय में बैठकर खाना न बनाना पड़ता।
कोरारीकला के मजरा पारा निवासी गजराज की पत्नी मूला बेटे सोनेलाल, बहू मुन्नी व उनके सात बच्चों के साथ कच्चे मकान में सालों से रह रही थी। एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश से उसका कच्चा घर ढह गया। गांव में जान पहचान वालों से मूला ने मदद मांगी लेकिन किसी ने उसे रहने का स्थान नहीं दिया।
शौचालय को ही नया घर बनाना पड़ा
गिरी कच्ची कोठरी के बाहर खड़े परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
ऐसे में मूला को मजबूरन स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिए गए शौचालय को ही नया घर बनाना पड़ा। शौचालय में उसने कच्चे घर से सुरक्षित निकाले गए गेहूं, चावल व बाकी राशन का सामान और उपले बचाकर रखे हैं। बाकी बचे स्थान पर वह बच्चों का पेट भरने के लिए खाना बनाती है। बच्चों को सुलाने के लिए उसे शौचालय के निकट ही तिरपाल तान रखा है।
मूला ने बताया कि गांव में बहुत से ऐसे लोग हैं जिनके पास पहले से पक्का मकान है लेकिन उन्हें दोबारा घर दिए गए। मूला की तरह ही गांव में वीरपाल, पियारा, कमलेश, राकेश, अजय, भैयालाल और राधेश्याम के कच्चे मकान भी गिर गए हैं। यह लोग भी तिरपाल के सहारे बारिश से बचने की जद्दोजहद कर रहे हैं। पंचायत सचिव सर्वेश कुमार का कहना है कि 2011 की सेक सूची में उसका नाम नहीं था। जिस कारण अभी तक आवास नहीं मिल पाया है। इस बार सूची में नाम शामिल किया गया है। जल्द ही उसे पक्का आवास का लाभ मिलेगा।