इटावा फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में कृष्णा हॉस्पिटल के सामने रविवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने वाहन के इंतजार में खड़ी महिला को गोली मारकर कान से कुंडल खींच लिया। बांह में गोली लगने से महिला घायल हो गई। लुटेरे भागने में सफल रहे। घायल महिला को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
औरैया में एरवाकटरा क्षेत्र के परसुआ गांव निवासी हकीम की पत्नी बतूलन रविवार सुबह बेटी शबाना के निर्माणाधीन मकान को देखने इटावा आई थीं। बेटी का मकान फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र में कृष्णा हॉस्पिटल के पास तैयार हो रहा है। वहां दूसरी बेटी मुमताज भी मौजूद थी। मकान देखने और बेटियों से मिलने के बाद वह दोपहर करीब तीन बजे बाहर निकल कर वाहन का इंतजार करने लगीं।