राजपुर। थाना क्षेत्र के दमनपुर में बुधवार को खेत पर पड़ी लकड़ी हटाने को लेकर हुए झगड़े में परिवार के लोगों ने मां-बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया था। देर रात इलाज के दौरान घायल महिला की मौत हो गई। बेटे ने झगड़े के दौरान मां को जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है
दमनपुर निवासी अंकित सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार को मां आशा देवी (48) अपने खेत पर गई थीं। खेत में परिवार के वीरसिंह की लकड़ी पड़ी थी। मां ने खेत पर लकड़ी डालने का विरोध किया तो वीरसिंह ने गालियां देते हुए मां के साथ मारपीट की। जानकारी पर वह पहुंचा तो उसे भी लाठी डंडों से पीट दिया। आरोप लगाया कि इसी बीच वीर सिंह के बेटे सुखविंदर सिंह, त्रिवेणी देवी, सुहानी देवी ने एकजुट होकर दोनों पर फिर से हमला कर दिया। अंकित का आरोप है कि आरोपियों ने मां को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने घायलों को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। इधर डाक्टरों ने आशा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इधर हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज से महिला को कानपुर हैलट भेजा गया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। राजपुर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि बुधवार शाम बेटे अंकित की तहरीर पर दो महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद धारा बढ़ाई जाएगी। हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।