कानपुरः ग्रामीणों की शिकायत के बाद बिल्हौर थाना क्षेत्र के भौसाना गांव में सरकारी जमीन पर बने शौचालय को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गिरा दिया। शौचालय गिराने के बाद शौचालय बनवाने वाली महिला को दिल का दौरा पड़ गया। यह देख घबराए टीम के सदस्य आधा-अधूरा काम कर मौके से निकल गए। महिला के परिजनों ने पहले उसे कस्बे के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे लेखपाल ऋषभ दुबे, पुलिस बल के साथ ग्रामीणों की शिकायत पर भौसाना गांव में उर्मिला पत्नी सुरेश द्वारा तालाब की सरकारी भूमि पर शौचालय गिराने पहुंचे। उर्मिला के विरोध के बाद भी राजस्व अधिकारियों ने थाना पुलिस के साथ शौचालय को ध्वस्त कर दिया। अपना शौचालय गिरा देख अचानक 48 वर्षीय उर्मिला को दिल का दौरा पड़ गया। यह देख वहां मौजूद राजस्व और पुलिस टीम निकल गई। परिजन उर्मिला को आनन-फानन शिवराजपुर ले गए और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हालत बिगड़ने पर कानपुर रेफर कर दिया। इस संबंध में लेखपाल ऋषभ दुबे ने बताया कि महिला ने तालाब की जमीन पर कब्जा कर लिया था, जिसे उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ध्वस्त कर दिया गया।