यूपी के फर्रुखाबाद जिले में बजीरपुर गांव निवासी हरीकृष्ण की गर्भवती पुत्री सविता का शव गुरुवार को गन्ने के खेत में पड़ा मिला। दो दिन पहले दोस्तों के साथ आए पति ने फोन कर उसे गांव के बाहर बुलाया था। इसके बाद से सविता लापता थी और उसका मोबाइल भी बंद था। भाई ने परिवार की किसी महिला से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए पति, जेठ समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव निवासी हरीकृष्ण ने अपनी पुत्री सविता (20) की शादी 24 अप्रैल 2018 को जहानगंज क्षेत्र के चौकिया महमदपुर गांव निवासी महेश नारायण के पुत्र अमित के साथ की थी। सविता पांच महीने की गर्भवती थी। शादी के बाद पहली होली पर तीन मार्च को सविता मायके आई थी।
26 मार्च को अमित दो बाइकों से अपने तीन दोस्तों के साथ बजीरपुर पहुंचा और सविता को फोन कर गांव के बाहर मिलने को बुलाया। इसके बाद से सविता घर नहीं पहुंची। उसका मोबाइल बंद मिलने पर मायके वालों ने तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला।