फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटे को न छोड़ने पर महिला ने थाने में खाया जहर, पुलिस ने सब्जी चोरी में पकड़ा था, पीटने का लगा आरोप

Sat, 15 Jun 2019 09:43 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा यूपी डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन
फर्रुखाबाद में सब्जी चोरी के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र को पकड़ लिया। महिला थाने पहुंची और पति व पुत्र को छोड़ने की पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस कर्मियों ने खरीखोटी सुनाई तो उसने थाना परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे वह बेहोश हो गई। यह देख पति को पुलिस ने छोड़ दिया।
विज्ञापन


उसने पत्नी को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। युवक के पिता ने पुलिस कर्मियों पर पुत्र को पीटने और उसे छोड़ने के लिए पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव हमीरपुर सोमवंशी निवासी निशक्त छोटेलाल उर्फ इंद्रपाल की गांव में परचून की दुकान है।

 

सब्जी चोरी में पुलिस ने पकड़ा, पिता ने पिटाई का लगाया आरोप

13 जून को गांव निवासी एक ग्रामीण सौदा लेने आया। छोटेलाल ने पुराने उधारी के 1800 रुपये मांगते हुए सौदा देने से मना कर दिया। इस पर उसने छोटेलाल को पीट दिया। उसने ग्रामीण के खिलाफ थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण छोटेलाल के साथ साझे में खेत भी किए है। आरोपी ने खेत मालिक मौधू कटियार के कहने पर छोटेलाल के लागत के एक हजार रुपये दे दिए।

इससे साझेदारी समाप्त हो गई। शनिवार को छोटेलाल का पुत्र किशन उसी खेत से सब्जी तोड़ लाया। इस पर ग्रामीण ने थाने में छोटेलाल व किशन के खिलाफ चोरी की तहरीर दी। दोपहर में पुलिस पिता और पुत्र को पकड़ कर थाने लाई। शाम करीब पांच बजे छोटेलाल की पत्नी संतरी देवी थाने पहुंची और पति व पुत्र को छोड़ने को कहा। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे खरीखोटी सुना दी।

 
विज्ञापन

पति ने महिला को सीएचसी में कराया भर्ती, लोहिया रेफर

सुनवाई नहीं हुई तो संतरी देवी ने थाना परिसर में कीटनाशक दवा खा ली। इससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। इस पर पुलिस ने पति को छोड़ दिया। उसने पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। छोटेलाल उर्फ इंद्रपाल ने पुलिस पर उसकी और उसके पुत्र की पिटाई करने व छोड़ने के लिए पत्नी से पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। आरोप ये भी है कि पुलिस अभी भी पुत्र को थाने में बैठाए है और उसे पीट कर रही है।

एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिलने पर पूछताछ के लिए पिता-पुत्र को लाए थे। महिला पुत्र को छोड़ने का दबाव बना रही थी। महिला का पति जो आरोप लगा रहा है वह गलत है। पुलिस अधीक्षक डा. अनिल मिश्रा ने बताया कि महिला ने थाने में जहरीला पदार्थ नहीं खाया है। वह दोपहर को समाधान दिवस में आई थी। बेटे व पति को छोड़ने का दबाव बना रही थी। शाम को घर वापस जाते समय रास्ते में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस पर रुपये मांगने का आरोप भी गलत है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें