हरदोई में पाली-कांठ मार्ग पर शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सिर कुचलने से महिला की मौत हो गई। हेलमेट लगाए होने से उसका बेटा बच गया। शाहजहांपुर जनपद के सिधौली थाना क्षेत्र के ग्राम सहिजना निवासी रामसरन की बेटी सीमा पचदेवरा थाने के ग्राम माननगला में रहती है।
सीमा की तबीयत खराब चल रही है। सोमवार देर शाम बीमार बेटी को देखने रामसरन की पत्नी रामबेटी (65) अपने पुत्र सर्वेश (28) के साथ बाइक से जा रही थी। साथ में उसकी बहू विमला (25), पौत्र कृष्णा (4) और पौत्री प्रियंका (2) भी थी। सभी एक ही बाइक पर सवार थे।
रास्ते में पचदेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाली-कांठ मार्ग पर पाली से दिल्ली जा रही शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामबेटी रोडवेज बस के पहिये के नीचे आ गई। उसकी जान चली गई। वहीं हेलमेट लगाए होने से उसके बेटे के मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय अन्य बाइक सवारों के सड़क के दूसरी तरफ गिरने से जान बच गई। घटना को अंजाम देकर चालक बस लेकर फरार हो गया। एसओ अशोक यादव ने बताया कि रोडवेज बस का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।