कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार सुबह हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को हैलट अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने करीब 11 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से सूचना मिलने के बावजूद पुलिस करीब पांच घंटे बाद शाम चार बजे पहुंची। तब तक पोस्टमार्टम का निर्धारित समय निकल चुका था।
मौत के बाद पुलिस का इंतजार
अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना थाना पुलिस को दिए जाने की बात कही गई है। परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंची। बताया गया कि पुलिस करीब शाम चार बजे अस्पताल पहुंची और इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के पहुंचने तक पोस्टमार्टम का निर्धारित समय निकल चुका था।
12 घंटे से ज्यादा इंतजार करते रहे परिजन
पुलिस की कार्रवाई में देरी के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका और इसे गुरुवार के लिए टालना पड़ा। इससे शिवानी के परिजनों को शव के पोस्टमार्टम के लिए 12 घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। घटना के बाद परिजनों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी रही। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय पर अस्पताल पहुंच जाती तो पोस्टमार्टम की कार्रवाई बुधवार को ही पूरी हो सकती थी।