रूरा। नगर स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो के पश्चिमी छोर पर मंगलवार दोपहर को ट्रैक पार करने के दौरान एक महिला कालका एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटाकर मामले में छानबीन शुरू की है।
शिकोहाबाद के सिरसागंज निवासी ट्रक चालक राजेश वर्तमान में रूरा के गणेशगंज वार्ड में किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब उनकी पत्नी योगेश कुमारी (55) रूरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान कालका एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे बनीपारा निवासी भाई जगदीश नारायण ने बताया कि सोमवार को बजरंग नगर वार्ड निवासी भतीजे सत्यनारायण सविता उर्फ कल्लू के यहां श्राद्ध था।
इसमें शामिल होने के लिए बहन योगेश कुमारी भी आई थीं। दोपहर में घर लौटने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गईं। अनहोनी पर बेटा कन्हैया, बहू सपना, भतीजे अरुण, संदीप और छोटू रोने लगे। झींझक जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।