मूसानगर। थाना क्षेत्र के मुसरिया में बुधवार दोपहर को टिनशेड में उतरे करंट की चपेट में आकर एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
मुसरिया निवासी राजेश ने बताया कि पत्नी लक्ष्मी (50) दिवाली त्योहार को लेकर बुधवार दोपहर को घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इस दौरान टिनशेड में कटी हुई केबल छू जाने से करंट आ गया। सफाई के दौरान ही टिनशेड का पाइप पकड़ते ही पत्नी को करंट लग गया। पास मौजूद बहू वंदना ने पत्नी को करंट की चपेट में देख कर शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजन ने घर की बिजली आपूर्ति बंद की तब तक पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी पुखरायां ले गए। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर बेटे धर्मेंद्र, जूनियर व परिजन रोने लगे। दिवाली से पहले लक्ष्मी की मौत पर परिवार में त्योहार की खुशियों से पहले गम का मातम पसर गया। मूसानगर थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है।