कानपुर के महाराजपुर के सुबंशीखेड़ा गांव में जमीनी विवाद केचलते किसान विशंभर निषाद की पत्नी रानी देवी (40) की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारोपी पिता-पुत्र फरार हो गए। सूचना पर फोरेंसिक टीम संग पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मुख्य आरोपी रामनाथ को देर रात ड्योढ़ी घाट से गिरफ्तार कर लिया गया। विशंभर निषाद, पत्नी रानी देवी व बेटे दीपू के साथ सुबंशीखेड़ा में रहते हैं। विशंभर के मुताबिक सौतेले भाई रामनाथ से जमीनी विवाद चलता है। शुक्रवार शाम को पत्नी रानीदेवी पड़ोस की खाली पड़ी जमीन में बंधे मवेशियों को चारा देने गई थी।
इस दौरान हत्यारोपी रामनाथ, बेटे रामबाबू और राजकुमार के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर रामनाथ ने बेटों संग मिलकर लोहे के छल्ले लगे डंडों से रानी देवी को पीटना शुरू कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले।
मृतका के बेटे दीपू की सूचना पर फोरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने साक्ष्य एकत्रित किए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में जमीनी विवाद में महिला की हत्या की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार है। उनकी तलाश की जा रही है।