ये कैसी लड़ाई है जिसमें आदमी चंद पैसों के लिए जानवर बन जाता है। यहां तक कि वह महिला से भी मारपीट करने में परहेज नहीं करता। ये तस्वीर उसी समाज की है जहां हम और आप रहते हैं।
महोबा जिले के श्रीनगर कस्बे के मोहल्ला दाऊपुरा में गुटखा उधार न देने से नाराज ग्रामीण ने भाइयों के साथ मिलकर दुकानदार पर लाठी डंडों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। बीच बचाव करने आए उसके भाई और पत्नी पर भी डंडें बरसाए। तीनों घायलों को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
मोहल्ला दाऊपुरा निवासी वृंदावन कुशवाहा पुत्र लक्ष्मी कुशवाहा की शराब के ठेके के पास किराना की दुकान है। मोहल्ले का ही गफ्फार दुकान पहुंचा और गुटखा तोड़कर खा लिया। पैसे मांगने पर बाद में देने की बात कही। इसकों लेकर दुकानदार और ग्राहक में विवाद हो गया। जिससे उसने अपने भाइयों के साथ दुकानदार पर लाठी डंडे और हाकी से हमला कर दिया। दुकानदार दुकान के नीचे गिरकर लहूलुहान हो गया।
बीच बचाव करने आया दुकानदार का भाई प्रकाश और वृंदावन की पत्नी पर भी ग्रामीणाें ने जमकर डंडें बरसाए। मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ दबंगों के सामने बीच बचाव करने का साहस नहीं जुटा सकी। इसी बीच किसी ने 100 नंबर डायल कर दिया। पुलिस की गाड़ी का हूटर की आवाज सुन दबंग मौके से भाग खड़े हुए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित वृंदावन ने गफ्फार, अनवर, सत्तार, नजीर, लल्लू के खिलाफ थाना श्रीनगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। लेकिन असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं।