यूपी के उन्नाव जिले में मेमू ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर एक युवक ने मां-बेटी के साथ पहले अभद्रता की। मां के विरोध करने पर युवक ने गाली गलौज के साथ ही हाथापाई कर दी। घटना के समय यात्री तमाशगीर बने रहे। कोच में सवार एक युवक ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। वीडियो में महिला रोते हुए युवक की दबंगई बता रही है। साथ ही पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर भी मौन रहने का दावा किया है।
लखनऊ के कैसरबाग थानाक्षेत्र के मछरियागंज के पास रहने वाली एक महिला गुरुवार देर शाम लखनऊ से मेमू ट्रेन से रिश्तेदार के घर कानपुर जा रहीं थी। इस दौरान मानक नगर से एक युवक मेमू ट्रेन में चढ़ा। युवक को सीट न मिलने पर मां-बेटी के सीट पर जाकर बैठ गया। युवक की गतिविधियों से परेशान महिला ने युवक से दूसरी सीट पर बैठने की बात कही। इस पर युवक आग बबूला हो गया और अभद्रता करने लगा। महिला के विरोध करने पर युवक ने थप्पड़ जड़ दिया। बचाव को दौड़ी बेटी भी युवक के गुस्से का शिकार हो गई। करीब तीस मिनट चले घटनाक्रम के दौरान किसी भी यात्री ने मां-बेटी के बचाव की हिम्मत नहीं जुटाई। मामला बढ़ता देख युवक कुसुंभी रेलवे स्टेशन पर उतर गया।
महिला ने उन्नाव रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ में से किसी को भी मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराई। इस दौरान ट्रेन सवार एक युवक ने पूरे मामले का वीडियो बनाया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो के बाद जीआरपी हरकत में आई और पीड़ितों की खोजबीन में जुट गई। रेलवे पुलिस बल शुक्रवार दोपहर तक मां-बेटी की तलाश करती रही लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वहीं कंट्रोल रूम ने भी ऐसी किसी भी सूचना से इनकार किया है। जीआरपी इंस्पेक्टर सूबेदार यादव ने बताया कि मीडिया में खबर आने पर खोजबीन की लेकिन पीड़िता मां-बेटी का कोई पता नहीं लगा है। बताया कि अभी तक कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।