कानपुर। चकेरी स्थित फर्म ने किदवईनगर स्थित फर्म को व्यापारिक संबंध के चलते 33.98 लाख रुपये का थर्मो प्लास्टिक रोड मार्किंग मेटेरियल सप्लाई किया। हिसाब करने का कहने पर फर्म ने कूटरचित दस्तावेज दिखाकर भुगतान चुकता बताया। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी और 16 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सनिगवां रोड स्थित सावित्रीनगर निवासी यशराज इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि किदवईनगर स्थित जगदंबा इंटरप्राइजेज के रज्जन बाजपेई व अनुज बाजपेई से व्यापारिक संबंध थे। उनकी फर्म जगदंबा इंटरप्राइजेज को रोड मार्किंग थर्मोप्लास्टिक मेटेरियल सप्लाई करती थी। फर्म ने कई सालों का उनका 33,98,008 रुपये भुगतान रोक लिया। जब हिसाब मांगा तो फर्जी दस्तावेज दिखाकर कहा कि तुम्हारा कोई हिसाब नहीं है।
दिलीप के अनुसार सितंबर 2024 को रज्जन ने उन्हें मिलने बुलाया। उनके साथ फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर राजन भी था। उसने कहा कि जो भी पैसा है उसे भूल जाओ और जिंदा रहने के लिए 16 लाख रुपये और चाहिए। दिलीप के अनुसार वर्ष 2021 से ही रज्जन और राजन यादव ने भुगतान रोकना शुरू किया था और बड़ा ठेका देने का झांसा देकर जालसाजी करते रहे। पीड़ित ने आईजीआरएस पर शिकायत की थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।