कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) सीजन-2 के तहत शुक्रवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में विलोज ने पिच राइडर्स को और दूसरे मैच में नाइट स्कॉचर्स ने जेबीके इलेवन को मात दी। यूपीसीए कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और जय कुमार ने शुभारंभ किया। राकेश मसाला ग्राउंड पर पहले मुकाबले में पिच राइडर्स की टीम 17.1 ओवर में 100 रन पर सिमट गई।
आरिश ने 38 रन बनाए। स्कोरिंग विलोज के अजय ठाकुर ने चार ओवर में 13 रन देकर चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए विलोज के अभिषेक विज के 48 रन और अजय ठाकुर के नाबाद 35 रन की बदौलत 104 रन बनाकर मैच जीत लिया। पिच राइडर्स के शिवांशु दीक्षित ने चार और अभिजीत सिंह ने दो विकेट लिए।
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर दूसरे मुकाबले में नाइट स्कॉर्चर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज अविनाश कुमार ने 77 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन की पारी खेली। क्षितिज ने 35 रन बनाए। जवाब में जेबीके 11 की टीम 27.3 ओवर में 159 रन पर आउट हो गई। आदित्य शर्मा ने 34 और रोहित गुप्ता ने 32 रन बनाए। नाइट स्कॉर्चर्स के कप्तान अनुराग पांडे ने 27 रन देकर चार विकेट लिए। मिशन गुप्ता ने तीन और अर्पित तिवारी ने दो विकेट चटकाए।