फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिच पर होगी चौकों-छक्कों की बौछार

Fri, 09 Oct 2015 02:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच में ग्रीनपार्क स्टेडियम में रनों की बौछार होगी। चौकों और छक्कों की बरसात दर्शकों को देखने को मिलेगी। थ्री लेयर पिच बल्लेबाजों की विशेष तौर पर मदद करेगी।
विज्ञापन


टॉस की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। सुबह गेंद स्विंग होने के कारण गेंदबाजों को शुरुआती दौर में मदद मिलने की उम्मीद है। ग्रीनपार्क स्टेडियम की पिच को सदैव बल्लेबाजी के लिए विश्व में जाना जाता है। इसका कारण है कि जैसे-जैसे धूप बढ़ती है तो पिच चटकने लगती है। इसका फायदा बल्लेबाजों को मिलता है।

पिच का पिछला रिकॉर्ड भी रहा है कि यहां पर दूसरी पारी में खेलने वाली टीम को ही जीत मिली है। अब तक यहां 13 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इसमें 7 में दूसरी पारी खेलने वाली टीम जीती है जबकि 6 मैचों में पहले खेलने वाली टीम जीती। ग्रीनपार्क के पिच क्यूरेटर शिवकुमार का कहना है कि विकेट को मानकों के मुताबिक तैयार किया गया है।
विज्ञापन


इस बार पिच थ्री लेयर विकेट के तहत तैयार की गई है, ताकि इस पिच में भी मोहाली की तरह उछाल रहे। इसे बीसीसीआई की पिच कमेटी के चेयरमैन दलजीत चौधरी ने तैयार कराया है पर इसका असर इतनी जल्दी नहीं होगा। पिच अपना मिजाज नहीं बदलेगी।

यदि धूप अच्छी निकलती है तो पहले खेलने वाली टीम के लिए 300 रन जीत को पर्याप्त होंगे। पिछले दिनों बारिश होने से कुछ फर्क पड़ा है। इससे लगता है कि बल्लेबाजों को अधिक मदद मिलेगी।

‘भइया 11 के बाद 12 भी आएगी’
कानपुर। भइया क्रिकेट मैच तो 11 को खत्म हो जाएगा। इसके बाद 12 तारीख भी आएगी। यदि टिकट या पास नहीं दिया तो ठीक नहीं होगा। यह कटाक्ष गुरुवार को दिनभर जिला प्रशासन के अधिकारी से लेकर यूपीसीए के पदाधिकारियों को सुनने पड़े।

मैच के पास को लेकर इतनी मारामारी चल रही है कि कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन स्वीचऑफ कर लिए है। उधर, शहर के एमएलसी ने भेजे गए पास को वापस कर दिया है।

मैच को लेकर इस बार काफी हंगामा है। ग्रीनपार्क स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता 34033 है। इसमें 19332 टिकट बिक्री की गई है जबकि अन्य पास है। मैच देखने के लिए सांसद, विधायक के अलावा पूर्व सांसद और पूर्व विधायक भी पास की मांग कर रहे हैं।

कोई यूपीसीए अधिकारी को फोन का कटाक्ष बोल रहा है तो कोई जिला प्रशासन अधिकारी को। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि कानपुर में तो मैच ही नहीं होना चाहिए। यहां का लोग मैच फ्री में देखने चाहते है। स्टेडियम की क्षमता भले ही दोगुनी कर दी जाए। बावजूद इसके पास की मारामारी रहेगी।

लोगों को इस ओर सोचना होगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन होता है। करोड़ों रुपये का फायदा होता और लोगों को रोजगार मिलता है।

वकीलों ने फूंका यूपीसीए सचिव का पुतला
क्रिकेट मैच के टिकटों की कालाबाजारी का आरोप लगा गुरुवार को वकीलों ने यूपीसीए के सचिव राजीव शुक्ला का पुतला फूंका। इस दौरान हुई सभा में वकीलों ने कहा कि इससे पहले टिकट वितरण में इतनी अव्यवस्था नहीं रही।

लाइन लगाने वाले लोगों को टिकट के बजाय लाठियां मिलीं। वकीलों ने बार एसोसिएशन दफ्तर के सामने यूपीसीए के सचिव का पुतला बनाया और नारेबाजी करते हुए कचहरी परिसर से जुलूस निकाला। वकील एसएसपी के दफ्तर के सामने काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। इस कारण एसएसपी दफ्तर से चेतना चौराहा जाने वाली सड़क पर जाम लग गया।

करीब दस मिनट तक नारेबाजी करने के बाद वकीलों ने पुतले को आग लगा दी। इस दौरान बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनूप कुमार द्विवेदी, उपेंद्र अवस्थी, आशुतोष शुक्ला, राम प्रताप सिंह, अभिषेक तिवारी, पुरुषोत्तम पांडेय, अजय शर्मा, आनंद स्वरूप शुक्ला, शिवेंद्र अवस्थी, रवि पांडेय और रहमान खान मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें