दो साल पहले यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में फेल हुए सरस्वती इंटर कॉलेज, चकरपुर के 30 छात्र-छात्राओं की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। ये स्टूडेंट इसी 18 फरवरी से शुरू होने वाली सत्र 2015-16 की बोर्ड परीक्षा में शामिल किए जाएंगे।
हाईकोर्ट ने यूपी बोर्ड को परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि यूपी बोर्ड में ऐसा पहली बार हो रहा है जब फेल स्टूडेंटों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिला है। डीआईओएस मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि स्टूडेंटों को नया रोल नंबर एलॉट नहीं होगा। सभी अपने पुराने रोल नंबर से ही परीक्षा देंगे। परीक्षा सेंटर जीआईसी चुन्नीगंज होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2013-14 में सरस्वती इंटर कालेज में हाईस्कूल के 30 स्टूडेंटों का बोर्ड परीक्षा सेंटर कलां का पुरवा स्थित विजय लक्ष्मी राज बहादुर सिंह चंदेल कालेज में गया था।
इन सभी ने परीक्षाएं दीं पर रिजल्ट में सभी फेल हो गए। इस पर सरस्वती कालेज के प्रिंसिपल और स्टूडेंटों के अभिभावकों ने परीक्षा केंद्र में कापियों से छेड़छाड़ की शिकायत बोर्ड में की। साथ ही हाईकोर्ट भी चले गए।
मामले की जांच होने पर हाईकोर्ट ने विजय लक्ष्मी कालेज को डिबार घोषित कर दिया। इसके साथ यूपी बोर्ड को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को पास होने का पूरा मौका दिया जाए। मामले में बीती 5 फरवरी को दोबारा परीक्षा कराने के निर्देश भी हुए।