यूपी के कन्नौज जिले में सदर कोतवाली के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को जिंदा जला दिया। आग लगाने में पति भी गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। मृतका के पिता ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव वंशरामऊ निवासी धनीराम ने पांच साल पूर्व बेटी रीना की शादी ठठिया क्षेत्र के सुरसा गांव निवासी राजेंद्र राठौर से की थी। शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। मंगलवार रात करीब 12 बजे विवाद के बाद राजेंद्र राठौर ने मिट्टी का तेल डालकर पत्नी रीना को जिंदा जला कर मार डाला।
इस दौरान राजेंद्र भी गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने रीना के शव को कब्जे में लिया और राजेंद्र को मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया। मृतका के पिता धनीराम ने थाने में राजेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
राजेंद्र का आरोप है कि वह 50 हजार रुपए दहेज की मांग कर रहा था। पैसा न देने पर उसकी बेटी की हत्या कर दी। वहीं मेडिकल कालेज में भर्ती घायल राजेंद्र राठौर ने बताया कि मामूली विवाद के बाद पत्नी रीना ने आग लगा ली थी। आग बुझाते समय वह भी झुलस गया। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दस दिन पहले ही ससुराल आई थी रीना
दहेज की मांग को लेकर पति और पत्नी के बीच कई सालों से विवाद चल रहा है। करीब छह माह पूर्व पति से विवाद के बाद मृतका मायके चली गई थी। रिश्तेदारों की पंचायत के बाद वह दस दिन पहले ही ससुराल आई थी। मृतका रीना देवी के पिता धनीराम ने बताया कि छह माह पूर्व से रीना देवी मायके में रह रही थी। दस दिन पूर्व राजेंद्र और उसकी मां घर गए थे। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बीच पंचायत में समझौता के बाद रीना मायके गई थी। रीना की दो साल की एक बेटी और एक नौ माह का बेटा है। उसकी मौत से दोनों के जीवन-यापन पर संकट आ गया है।