पत्नी ने पति को छोड़ की दूसरी शादी जेवर भी ले गई
फर्रुखाबाद के नवाबगंज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पति दिल्ली में नौकरी करता रहा। उसकी पत्नी ने किसी अन्य युवक से शादी कर ली। शनिवार को घर पहुंचने पर उसे मामले की जानकारी हुई। उसने नवाबगंज पुलिस को ससुर के खिलाफ बेटी की दूसरी शादी करवाने की तहरीर दी है।
मैनपुरी जनपद के बिछवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी सात साल पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है। युवक दिल्ली में नौकरी करता है। वह करीब छह माह पहले घर से गया था।
शनिवार को वह वापस आया तो पत्नी घर पर नहीं मिली। वहां उसे पता चला कि वह करीब एक माह पहले ही मायके गई है। इस पर रविवार को ससुराल पहुंचा। वहां पता चला कि ससुर ने उसकी शादी कहीं और करवा दी है। इस पर उसने थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि उसकी पत्नी घर से कुछ नगदी व जेवरात भी ले गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।