उत्तर प्रदेश के महोबा में एक विवाहिता ने पति पर अमानवीय कृत्य करने का आरोप लगाया है। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। साथ ही, गला दबाकर जाने से मारने की कोशिश की गई। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महोबा जिले में गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती विवाहिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता का आरोप है कि पति अमानवीय कृत्य कर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया।
विज्ञापन
विवाहिता का उपचार चल रहा है। बता दें कि जनपद हमीरपुर के कस्बा मुस्करा निवासी युवती की शादी महोबा के पठा तिराहा निवासी युवक से 19 फरवरी 2022 को हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी की दूसरी विदा के बाद से पति उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट व प्रताड़ना के साथ पति हैवानियत की हदों को भी पार कर चुका है।
विवाहिता का आरोप है कि पति उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। इसके लिए तरह-तरह की प्रताड़ना दी जा रही है। शुक्रवार की देर शाम वह अपनी मामी से फोन पर बात कर रही थी। इससे नाराज होकर पति ने मोबाइल छीन लिया और मारपीट की।
इस दौरान उसकी गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। इसके बाद में पति ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि तहरीर आई, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।