कानपुर। सेनपश्चिम पारा थानाक्षेत्र के पहाड़पुर गल्लामंडी में विधवा ने चार लोगों पर प्लॉट पर कब्जा करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि विरोध करने पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
पहाड़पुर गल्लामंडी निवासी संध्या द्विवेदी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 25 मई को 200 वर्गगज प्लॉट लिया था। प्लाॅट में बाउंड्री और कमरा बना था। आरोप है कि गल्लामंडी पहाड़पुर निवासी हर्ष द्विवेदी व रवी पाल, नौबस्ता आवास विकास हंसपुरम निवासी निखार सोनी उर्फ रम्मी, द्विवेदीनगर निवासी जीतू भदौरिया ने उनके प्लॉट पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर 20 लाख की रंगदारी मांगी। रुपये देने से इन्कार करने पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। प्लॉट पर बना कमरा गिरा दिया। पुलिस के कार्रवाई न करने पर डीसीपी दक्षिण से शिकायत की। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हर्ष, निखार, जीतू, रवी के विरुद्ध जबरन वसूली, आपराधिक अतिचार, गंभीर चोट पहुंचाने, जानबूझकर संपत्ति नष्ट करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।