- हलीम मैदान के बकरा बाजार में पूर्व विधायक और व्यापारी के बीच विवाद का मामला
- विधायक के गनर और बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी ने एक दूजे पर दर्ज कराई रिपोर्ट
फाेटो:
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। चमनगंज के हलीम कालेज मैदान में हुए विवाद के बाद विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद ने घटना दोपहर की बताई है। वहीं, इरफान सोलंकी पर पीटने और धमकाने के आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराने वाले अब्बास घटना रात के वक्त होने का दावा कर रहे हैं। पुलिस अब इसी की जांच करेगी कि घटना दिन में हुई या रात में।
विधायक नसीम के गनर अजीम की ओर से दी तहरीर पर 27 मई की सुबह 4:47 बजे रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें घटना का वक्त 27 मई की दोपहर करीब 12:05 बजे का लिखा है। आरोप लगाया गया है कि मंडी संचालक वफा अब्बास व उसके साथियों ने मारपीट की है। रिपोर्ट के अनुसार अजीम विधायक के साथ हलीम कॉलेज चौराहे के पास मौजूद थे। विधायक के कहने पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर वह हलीम इंटर कॉलेज गेट के अंदर भीड़ का जायजा लेने पहुंचे थे। वहां मंडी संचालक वफा अब्बास और उसके साथी फहद, इमरान और 20 अज्ञात लोगों ने मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने मंडी का गेट बंद कर जान से मारने का प्रयास किया। लोगों के बीच-बचाव कर गेट खुलवाया। बाहर निकलकर जानकारी विधायक नसीम सोलंकी को दी। उन्हें गाड़ी से लेकर निकल गए।
वहीं, बकरामंडी लगवाने वाले पटकापुर निवासी वफा अब्बास की ओर से 27 मई सुबह 10:31 बजे रिपोर्ट दर्ज कराई गई। हालांकि इसमें घटना दिन में हुई या रात में इस बात का जिक्र नहीं है। आरोप है कि मंडी में भारी भीड़ के कारण वह लोगों से रास्ते से हटने और आवागमन व्यवस्थित रखने की अपील कर रहे थे। तभी पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने साथियों के साथ मिलकर थप्पड़ व लात-घूंसों से पीटा। उनकी कमेटी के सदस्य समीर, फहद और इकराम ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। वहीं, वफा ने मीडिया चैनल को दिए साक्षात्कार में घटना रात की होने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी रात के ही हैं। चमनगंज थाना प्रभारी संजय राय ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना दिन या रात कब हुई यह विवेचना का हिस्सा है।